
जमशेदपुर। घाटशिला उपचुनाव के मद्देनज़र बुधवार को भाजपा ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में भव्य रोड शो निकाला। रोड शो के दौरान भाजपा समर्थकों और आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।रोड शो की शुरुआत जादूगोड़ा स्थित सिदो-कान्हू चौक से हुई, जहाँ भाजपा नेताओं ने हुल क्रांति के नायकों सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। इसके बाद रोड शो नवरंग मार्केट बाजार तक गया। वहीं, दूसरा चरण माटीगोड़ा बजरंगबली मंदिर से शुरू होकर अटल गेट तक सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही राज स्टेट मैदान, घाटशिला से रामकृष्ण मठ तक भी रोड शो निकाला गया।
खुली जीप में सवार पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, और विधायक अमित यादव सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।रोड शो के दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने रघुवर दास और बाबूलाल सोरेन का गर्मजोशी से स्वागत किया। सड़कों के दोनों ओर खड़े लोग ‘डबल इंजन सरकार’ के समर्थन में नारे लगा रहे थे। करीब दो घंटे तक चले रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों का उत्साह चरम पर दिखा।रघुवर दास ने इस दौरान बाजार क्षेत्र के दुकानदारों से मुलाकात की और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन व आशीर्वाद की अपील की।
झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर रघुवर दास का प्रहार
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस अवसर पर झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि,“झारखंड की जनता इस निकम्मी, भ्रष्ट और वादाखिलाफी करने वाली हेमंत सरकार से तंग आ चुकी है। पिछले छह वर्षों में न विकास हुआ, न रोजगार मिला और न ही कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ। राज्य को घोटालों, भ्रष्टाचारियों और माफियाओं के हवाले कर दिया गया है।”उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और इस उपचुनाव में हेमंत सरकार को करारा जवाब देगी।
भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटशिला का विकास और स्थायी परिवर्तन तभी संभव है जब यहां डबल इंजन की सरकार बने। उन्होंने लोगों से 11 नवंबर को होने वाले मतदान में ईवीएम के क्रम संख्या 1 पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
