
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्रवासियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और उनके तत्परता से समाधान के लिए आदित्यपुर नगर निगम ने गुरुवार से एक महत्वाकांक्षी पहल ‘हर वार्ड दस्तक’ अभियान की शुरुआत कर दी है।इस अभियान की शुरुआत गुरुवार को वार्ड संख्या 30 से की गई। निगम प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह और नगर प्रशासन की पूरी टीम अब वार्डों का नियमित भ्रमण कर रही है। टीम का उद्देश्य विकास कार्यों की जरूरतों, साफ-सफाई की स्थिति और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित आकलन करना है।
पहले दिन रिक्शा कॉलोनी, एलआईजी में सुनी शिकायतें
अभियान के पहले दिन अधिकारियों ने वार्ड संख्या 30 के रिक्शा कॉलोनी, एलआईजी और अन्य मुहल्लों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं। टीम ने कई मामलों में तो मौके पर ही समस्याओं का समाधान भी किया।निगम द्वारा दी जा रही ऑन स्पॉट सेवाओं में जल संकट वाले इलाकों में तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई,जरूरतमंद परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ देने के लिए कैंप लगाया गया,होल्डिंग टैक्स से संबंधित कार्यों के लिए भी मौके पर ही ऑन स्पॉट सेवा उपलब्ध कराई गई और पहले दिन वार्ड संख्या 30 में खराब पड़े बोरिंगों को ठीक कराया गया, बंद पड़े स्ट्रीट लाइट को चालू कराया गया और साफ-सफाई का काम अधिकारियों की उपस्थिति में कराई गई।
अब हर सप्ताह तीन दिन होगा नियमित भ्रमण
प्रशासक रवि प्रकाश ने इस अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन अब हर सप्ताह तीन दिनों तक विभिन्न वार्डों का नियमित भ्रमण करेगा।इस अभियान से जनता से सीधा संवाद स्थापित होगा और समस्याएं लंबे समय तक लंबित नहीं रहेंगी। सड़क, नाली, बोरिंग, सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी जरूरतों का स्थल निरीक्षण कर वहीं पर योजना तैयार की जा रही है, ताकि आवश्यक विकास कार्यों को जल्द से जल्द अमल में लाया जा सके।
त्वरित समाधान पर जोर
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ‘हर वार्ड दस्तक’ अभियान का उद्देश्य केवल जनता की दिक्कतों को समझना नहीं है, बल्कि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि शहर में शहरी सुविधाओं का स्तर और बेहतर हो सके।वार्ड भ्रमण के दौरान कार्यपालक अभियंता पंकज झा समेत अन्य अधिकारी और निगम कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी के अलावा वार्ड के काफी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।
