
रांची: झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित झारखंड कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई। बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों से संबंधित कुल 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से
कैबिनेट द्वारा लिए गए प्रमुख निर्णयों में झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तिथियों की घोषणा भी शामिल है। झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा।
राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे: नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा झारखंड
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को राज्य गठन के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। 15 नवंबर को जब हम 25वां स्थापना दिवस मनाने जा रहे हैं, तो हमारे भीतर यह भावना होनी चाहिए कि झारखंड को और आगे कैसे ले जाएं। राज्य अब नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस उनके लिए गर्व और आत्मचिंतन का अवसर है, क्योंकि यह राज्य बहुत संघर्षों के बाद बना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में झारखंड विकास की नई ऊँचाइयाँ छुएगा।
युवाओं से खास अपील
मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं को विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि “हमारे युवा साथियों में हुनर, क्रिएटिविटी और विद्वता है। राज्य के समग्र विकास में आप सभी की भागीदारी सबसे अहम है।”
सुंदर झारखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर समाज, हर तबके के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाली पीढ़ियों के लिए “एक खूबसूरत, सुनहरा झारखंड” बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
रक्तदान महादान अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य से जुड़े एक महत्वपूर्ण अभियान की भी जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से”रक्तदान महादान अभियान” की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने खुद रक्तदान किया है और स्वास्थ्य मंत्री ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया।यह अभियान पूरे राज्य में 28 नवंबर तक चलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान राज्य के गरीबों और जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का काम करेगा। उन्होंने पत्रकारों से खास आग्रह करते हुए कहा कि मीडिया के साथी भी इस अभियान में हिस्सा लें और रक्तदान जरूर करें।
