जमशेदपुर में चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद, परसुडीह पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार

Views: 2

जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोपोडेरा निवासी समीर मुर्मू और सुखलाल गागराई के रूप में हुई है। मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस ब्रीफिंग में कार्रवाई की जानकारी दी।

मारू मैदान के पास चोरी की बाइक बेचने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मारू मैदान के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने एक टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों में करीब 20 वर्षीय समीर मुर्मू, निवासी सोपोडेरा गांधी मैदान के पास, और करीब 20 वर्षीय सुखलाल गागराई, निवासी सोपोडेरा नीचे टोला शिव मंदिर के पास, शामिल हैं।

आईफोन और दोपहिया वाहन बरामद

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान समीर मुर्मू के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स और कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई ऑलिव ग्रीन रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर JH05ED-9874) बरामद हुई। वहीं, सुखलाल गागराई के पास से हरे रंग का मोटोरोला मोबाइल फोन मिला।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर काले रंग की स्प्लेंडर समेत कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में से एक का चेसिस नंबर MBLHAW091LHA13625 बताया गया है।

परसुडीह थाना में मामला दर्ज

इस मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, समीर मुर्मू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जुलाई 2026 में टाटानगर थाना में भी मामला दर्ज हुआ था।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों और चोरी की अन्य घटनाओं से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर में दिव्यांगजनों को मिलेगी नई जिंदगी की उम्मीद, 70 लोगों को लगाए जाएंगे निःशुल्क कृत्रिम हाथ

एक्सएलआरआई जमशेदपुर में क्रोनोस 2026 का आयोजन, 23 सीएचआरओ और एचआर विशेषज्ञों ने भविष्य के नेतृत्व पर किया मंथन