
राजनगर। झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) – पलाश इकाई, राजनगर द्वारा पाँच क्लस्टर के अंतर्गत 150 ग्राम संगठनों में रजत जयंती उत्सव मनाया गया।
महिला समूहों ने राज्य की विकास यात्रा पर की चर्चा
कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न ग्राम संगठनों में शामिल महिला स्वयं सहायता समूहों ने राज्य की विकास यात्रा,सांस्कृतिक विरासत,सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों पर विचार-विमर्श किया।महिलाओं ने बताया कि राज्य निर्माण के 25 वर्षों में ग्रामीण आजीविका, महिलाओं की आर्थिक प्रगति और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
सामाजिक मुद्दों पर भी रखी गई बातें
महिला समूहों ने विभिन्न सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे—लिंग समानता,स्वास्थ्य और पोषण,बाल विवाह पर रोक,महिला उत्पीड़न के खिलाफ जागरूकता।महिलाओं ने संकल्प लिया कि समाज में व्याप्त इन समस्याओं को दूर करने के लिए वे सामूहिक रूप से काम करेंगी।
बीडीओ ने महिलाओं को स्वावलंबन की राह पर बढ़ने का दिया संदेश
राजनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मलय कुमार ने मगरकेला और पाटाकोचा संकुल क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।उन्होंने कहा—“महिलाएँ राज्य की शक्ति हैं। सरकारी योजनाओं से जुड़कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनना चाहिए।”बीडीओ ने सरकार द्वारा संचालित आजीविका कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
सब्जी उत्पादन स्थल का निरीक्षण
रजत जयंती कार्यक्रम के बाद बीडीओ मलय कुमार ने डांगरडीहा ग्राम में महिला समूह द्वारा संचालित सब्जी उत्पादन स्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने महिलाओं के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें और अधिक वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी।
जेएसएलपीएस टीम रही मौजूद
कार्यक्रम के सफल संचालन में बीपीएम सालुका गागराई तथा जेएसएलपीएस के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।इनके सहयोग से सभी ग्राम संगठनों में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।
