
जमशेदपुर ।आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 स्थित अल अंसारी अपार्टमेंट में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चौथी मंजिल के एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट के लोग दहशत में बाहर निकल आए और मौके पर हड़कंप का माहौल बन गया।
बच्चों के माचिस से खेलने से लगी आग, बेडरूम चपेट में आया
घटना आरिफ अंसारी के फ्लैट में हुई। आग लगने के वक्त घर में उनकी पत्नी और दो बच्चे ही मौजूद थे।महिला ने बताया कि बच्चे माचिस से खेल रहे थे, इसी दौरान कपड़ों में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा बेडरूम जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि धुआं देखते ही देखते पूरे फ्लोर में फैल गया।
फायर ब्रिगेड देर से पहुंची, स्थानीय युवाओं ने बुझाई आग
आग लगते ही अपार्टमेंट के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन टीम करीब एक घंटे बाद पहुंची। इसी बीच स्थानीय युवक काशिफ और उनके दोस्तों ने मिलकर लगातार पानी डालकर आग को काबू में कर लिया और बड़ी दुर्घटना होने से रोक लिया।फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद टीम ने घर के अंदर बची वस्तुओं को सुरक्षित करने और कूलिंग का कार्य संभाला।
निवासियों ने जताई आशंका – “आग के पीछे कोई और कारण हो सकता है”
घटना से अपार्टमेंट के लोग दहशत में हैं। कई निवासियों ने कहा कि केवल बच्चों के खेल से इतनी बड़ी आग लग जाना मुश्किल है।“शक है कि इसके पीछे कोई और कारण हो सकता है, जिसे महिला छिपा रही है,”—अपार्टमेंट के कुछ निवासियों ने अपनी आशंका जताई।इस संबंध में पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
