
चांडिल:चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा–रांची हाइवे (एनएच-33) पर सोमवार सुबह चिलगू के पास दो कारों की तेज टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें सड़क के विपरीत किनारों पर जाकर पलट गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्पीड ब्रेकर और वन-वे हाईवे बना दुर्घटनाओं का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार, चिलगू स्थित एनएच-33 पर बड़ा स्पीड ब्रेकर होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाईवे के वन-वे होने के कारण भी वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे सड़क हादसों की संख्या बढ़ गई है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों कारें रांची से जमशेदपुर की ओर जा रही थीं। चिलगू के पास स्पीड ब्रेकर दिखाई देने पर आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार समय रहते नियंत्रण नहीं रख सकी और आगे वाली कार में जोरदार टक्कर मार दी।सूचना पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू की। स्थानीय लोग स्पीड ब्रेकर के समुचित सुधार और यातायात व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।
