
जमशेदपुर:देश भर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ दिवस मनाने के आह्वान पर बुधवार को जमशेदपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने साकची स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
“लड़कर ही संविधान की रक्षा करेंगे” — जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह
मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जैसे अंग्रेजों से लड़कर कांग्रेस ने देश को आज़ादी दिलाई थी, वैसे ही आज हम संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। केंद्र की वर्तमान सरकार संविधान में बदलाव करने और कई महत्वपूर्ण कानूनों को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में संविधान रक्षा को लेकर आंदोलन चलाया जा रहा है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।परविंदर सिंह ने दोहराया कि जन आंदोलन के बल पर ही संविधान को बचाया जाएगा। भाजपा सरकार के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
केंद्र सरकार पर आरोप — ‘संविधानिक ढांचे को कमज़ोर किया जा रहा’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है,कमजोर वर्गों, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है,और यह सब संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों का भारत तभी संभव है जब संविधान का अक्षरश: पालन हो और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जाए।
कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि संविधान की रक्षा हर भारतीय का दायित्व है।कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और सेवादल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
