
राजनगर :राजनगर थाना क्षेत्र के हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित खखरो टर्निंग पर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से जा रही एक हाईवा (नंबर JH05DR6792) अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरते हुए एक घर में घुसने से बाल-बाल बच गई।
तेज रफ्तार और तीखे मोड़ ने बढ़ाया खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोड़ की तीक्ष्णता और हाईवा की तेज रफ्तार के कारण वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा। हाईवा सड़क किनारे तेजी से उतर गई जिस वजह से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। हालांकि कुछ दूरी पर जाकर वाहन रुक गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों के बीच दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा उपायों की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि खखरो टर्निंग पर लगातार ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं। यहां उचित सुरक्षा संकेत, चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
