
जमशेदपुर। झारखंड को ओड़िशा से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण टाटा–हाता मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य तेज रफ्तार से जारी है। यह सड़क न केवल राज्यों को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है, बल्कि हाता से चाईबासा जाने का भी मुख्य मार्ग होने के कारण हजारों वाहनों का दैनिक दबाव झेलती है। ऐसे में सड़क की मजबूती और चौड़ीकरण आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
कांस्ट्रक्शन खासमहल तक पहुंचा, जल्द टाटानगर स्टेशन तक पूरा होगा कार्य
निर्माण एजेंसी द्वारा तेज गति से काम किया जा रहा है और सड़क का निर्माण कार्य अब खासमहल तक पहुंच गया है। लक्ष्य है कि जल्द से जल्द काम टाटानगर स्टेशन तक पूरा कर दिया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम आवाजाही मिल सके।
आम जनता की सुविधा के लिए 24 घंटे काम
यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने 24 घंटे काम करने का निर्णय लिया है। अधिकतर निर्माण गतिविधियां रात में की जा रही हैं, ताकि दिन के समय लोगों को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े। रात में भारी वाहनों की आवाजाही कम होने से काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जल्द मिलेगा नई सड़क का लाभ
सड़क चौड़ी होने से न केवल वाहनों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों की आवागमन से हमेशा व्यस्त रहता है। निर्माण कार्य पूरा होने पर लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी।
स्थानीय निवासियों और नियमित आने-जाने वाले वाहन चालकों ने उम्मीद जताई है कि नई सड़क से यात्रा का समय भी घटेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
