
जमशेदपुर: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को जमशेदपुर में दिव्यांगजनों के हित में एक बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणा की है। जमशेदपुर में नवनिर्मित अतिरिक्त 100 बेड के अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे मंत्री ने इससे पहले डीसी कार्यालय में आयोजित विश्व दिव्यांगता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
दिव्यांग पेंशन के लिए प्रतिशत की बाध्यता होगी समाप्त
कार्यक्रम के दौरान, डॉ. इरफान अंसारी ने दिव्यांग बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया और सरकार की नई पहल की जानकारी दी:उन्होंने घोषणा की कि दिव्यांगों के लिए निर्धारित प्रतिशत की बाध्यता को समाप्त किया जाएगा।अब हर वर्ग के दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सरकार की ओर से पेंशन उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने बताया कि यह मामला कैबिनेट से जुड़ा है और जमशेदपुर से लौटने के बाद वह शीघ्र ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट में रखेंगे।
झारखंड सरकार सुरक्षित, विपक्ष पर साधा निशाना
स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया और राजनीतिक गलियारों में सरकार की सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि यह चर्चा विपक्षी दलों की साजिश है।डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि झारखंड में इंडिया महागठबंधन की सरकार पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार में किसी भी प्रकार की टूट की कोई संभावना नहीं है।उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था और जनकल्याण को लेकर गंभीर है और राज्य में लगातार नई स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जमशेदपुर में अतिरिक्त 100 बेड के अस्पताल का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मंत्री की इस घोषणा से राज्य के हज़ारों दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
