
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत दो वाणिज्य रेल कर्मचारियों कामिनी और विजय ने देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया रेलवे पावरलिफ्टिंग टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर स्टेशन और चक्रधरपुर मंडल का मान बढ़ाया है।देहरादून में पदक जीतकर टाटानगर लौटने पर, स्टेशन निदेशक सुनील कुमार ने दोनों रेल कर्मचारियों की हौसला अफजाई की और उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी कार्यरत
स्टेशन निदेशक सुनील कुमार ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि टाटानगर रेलवे के विभिन्न विभागों में एक दर्जन से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि कामिनी और विजय ने देहरादून में पदक हासिल कर न केवल टाटानगर स्टेशन का, बल्कि चक्रधरपुर मंडल का भी नाम रोशन किया है।रेलवे प्रशासन ने खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इन कर्मचारियों की सफलता से अन्य कर्मचारियों को भी खेल गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।
