
जमशेदपुर। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के वर्तमान प्रधान भगवान सिंह को अगले तीन वर्षों के लिए सर्वसम्मति से पुनः प्रधान चुने जाने पर अभिनंदन और सम्मान का दौर जारी है। इसी क्रम में, रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपनी पूरी टीम के साथ सीजीपीसी प्रधान को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरप्रीत सिंह और चेयरमैन हरविंदर सिंह मिदी ने अपनी टीम के साथ भगवान सिंह को सरोपा भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
शांतिपूर्ण चुनाव करवाने को प्राथमिकता दें
इस अवसर पर प्रधान गुरप्रीत सिंह ने उपस्थित सभी गुरुद्वारा कमेटियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि जिस तरह शांतिपूर्वक तरीके से सेंट्रल कमेटी के प्रधान का चुनाव संपन्न हुआ है, उसी प्रकार हर गुरुद्वारे में शांतिपूर्वक तरीके से चुनाव करवाने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
30 बेड के अस्पताल में हर संभव सहयोग का वादा
मुलाकात के दौरान, रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी ने सीजीपीसी द्वारा बनाए जा रहे 30 बेड के अस्पताल के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। कमेटी ने इस जनहितैषी परियोजना में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
शहादत समागम में सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह भेंट
दूसरी ओर, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित आयोजित धार्मिक समागम में सहयोग करने के लिए रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी का आभार व्यक्त किया। इस सहयोग के लिए सीजीपीसी द्वारा गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में बनाया गया स्मृति चिन्ह रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी को भेंट किया गया।इस अवसर पर सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, सलाहकार सुखविंदर सिंह राजू, सुखदेव सिंह बिट्ट, सुरेंद्र सिंह शिंदे, सरबजीत ग्रेवाल आदि उपस्थित थे। रिफ्यूजी कॉलोनी कमेटी की ओर से प्रधान गुरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह मेदी, बबला सिंह एवं कई अन्य सदस्य शामिल थे।
