चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के बीहड़ जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान एक बार फिर नक्सली हिंसा सामने आई है। छोटानगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिबा गांव के समीप नक्सलियों द्वारा पूर्व से बिछाए गए आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हादसा
यह घटना उस वक्त हुई जब कोबरा बटालियन 209 के जवान सारंडा के दुर्गम क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान, जवान का पैर नक्सलियों द्वारा छिपाए गए शक्तिशाली आईईडी पर पड़ा, जिससे जोरदार धमाका हुआ और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।इस आईईडी ब्लास्ट की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम की एसपी अमित रेणु ने की है।
एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी
हादसे के तुरंत बाद, घायल जवान को साथी जवानों द्वारा तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए, उसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है। जवान को जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।एसपी अमित रेणु ने बताया कि घटना के बावजूद, क्षेत्र में नक्सलियों की तलाश में सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि नक्सलियों के किसी भी अन्य ठिकाने या बिछाए गए विस्फोटक को खोजा जा सके।जवान की पहचान और उसके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
