
जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित करीम सिटी कॉलेज, साकची के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को ‘ग्रेजुएशन सेरेमनी-2025’ के पहले दिन का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा की कुलपति (वाइस चांसलर) डॉ. अंजिला गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई।
शिक्षा के साथ ‘मानवता’ का पाठ भी जरूरी: कुलपति
डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता ने कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल शैक्षणिक सफलता का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आपके भविष्य और जीवन की सफलता की नींव है। उन्होंने करीम सिटी कॉलेज की शैक्षणिक सजगता की सराहना करते हुए एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया।कुलपति ने कहा “हम विश्वविद्यालय में रोजगारोन्मुखी नए पाठ्यक्रम शुरू करना चाहते हैं, लेकिन एक ऐसा पाठ्यक्रम भी होना चाहिए जिसका संबंध ‘मानवता निर्माण’ से हो। मैं चाहती हूँ कि करीम सिटी कॉलेज इस दिशा में पहल करे।” उन्होंने कुलपति पद संभालने के बाद विश्वविद्यालय के कार्यों में आई गति का श्रेय टीम वर्क को दिया।
कुलपति के आने से बढ़ी विश्वविद्यालय की रफ्तार: प्राचार्य
इससे पूर्व, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ने कहा कि डॉ. अंजिला गुप्ता के नेतृत्व में कोल्हान विश्वविद्यालय के क्रियाकलापों में अभूतपूर्व तेजी आई है। उन्होंने कुलपति के साथ-साथ कोल्हान विश्वविद्यालय के ओएसडी डॉ. प्रभात कुमार सिंह का भी गर्मजोशी से स्वागत किया।
दो दिवसीय कार्यक्रम का होगा आयोजन
पहले दिन 2018-21 सत्र को मिली डिग्रियां।करीम सिटी कॉलेज का यह ग्रेजुएशन सेरेमनी दो दिनों तक चलेगा।शुक्रवार को स्नातक सत्र 2018-2021 के विद्यार्थियों के बीच मूल प्रमाण पत्र वितरित किए गए।शनिवार को सत्र 2019-2022 और 2020-2023 के छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।समारोह में कुछ मेधावी छात्रों ने कुलपति के हाथों प्रमाण पत्र प्राप्त किए, जिसके बाद कुलपति की अनुमति से प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने शेष छात्र-छात्राओं को डिग्रियां बांटी।
समारोह में इनकी रही मुख्य उपस्थिति
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. यहिया इब्राहीम ने किया, जबकि मुख्य अतिथि का परिचय डॉ. बसुधरा राय ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बी.एन. त्रिपाठी ने किया। मंच पर प्राचार्य के साथ परीक्षा नियंत्रक डॉ. बी.एन. त्रिपाठी, साइंस इंचार्ज डॉ. तुफैल अहमद, कॉमर्स इंचार्ज डॉ. एम.एम. नजरी, डॉ. अनवर शहाब और एनसीसी ऑफिसर मेजर (डॉ.) फखरुद्दीन अहमद मौजूद थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
