
जमशेदपुर: झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक रविवार को पारडीह स्थित होटल एनएच हिल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में न केवल पिछले वर्ष के कार्यों की समीक्षा की गई, बल्कि आगामी चार वर्षों (2025-2029) के लिए नई कार्यसमिति का गठन भी किया गया।
निर्विरोध चुने गए शीर्ष पदाधिकारी
रिटर्निंग ऑफिसर सह अधिवक्ता रविंद्र कुमार की देखरेख में एसोसिएशन के बायलॉज के अनुसार चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। जिसमे दिवाकर सिंह (निर्विरोध निर्वाचित) को अध्यक्ष, उत्तम चंद को सचिव जनरल और नित्यानंद सिंह को कोषाध्यक्ष के लिए चुना गया। कार्यकारिणी के आठ सदस्यों का चयन मतदान प्रक्रिया के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से किया गया।
“झारखंड बनेगा शूटिंग का हब” – दिवाकर सिंह
अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिवाकर सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले चार वर्षों में झारखंड के शूटर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य लक्ष्य खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि वे पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाएं।
मार्च में होगा नेशनल कोचिंग कोर्स
बैठक के दौरान एक बड़ी घोषणा की गई कि मार्च 2026 में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया का ‘राष्ट्रीय कोचिंग कोर्स’ झारखंड में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन से झारखंड के प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष होने का अवसर मिलेगा।
वार्षिक रिपोर्ट और ऑडिट पर चर्चा
बैठक की शुरुआत में सचिव जनरल उत्तम चंद ने पिछली एजीएम की कार्यवाही और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण पर गहन चर्चा के बाद उसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेसर्स गोविंद अग्रवाला एंड एसोसिएट को आगामी सत्र के लिए ऑडिटर नियुक्त किया गया।
खेल विकास पर मंथन
बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी ने एक स्वर में राज्य में शूटिंग खेलों को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने और जिला स्तर पर नई शूटिंग रेंज विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
