
चाकुलिया: झारखंड के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत सरडीहा पंचायत के रूपुषकुंडी गांव में गुरुवार की भोर जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। भोर करीब 4 बजे हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने एक गरीब महिला का आशियाना उजाड़ दिया और लैंपस के शटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जयंती नायक के घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, हाथी जंगल से निकलकर सीधे गांव की बस्ती में दाखिल हुआ। उसने सबसे पहले जयंती नायक के घर पर हमला किया। सो रहे परिजनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन हाथी ने घर की दीवारों को ढहा दिया। घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे परिवार के सामने रहने का संकट पैदा हो गया है और उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
धान की तलाश में लैंपस पर हमला
घर तोड़ने के बाद हाथी का उत्पात यहीं नहीं रुका। धान की सुगंध पाकर हाथी रूपुषकुंडी लैंपस की ओर बढ़ा। वहां रखे अनाज तक पहुँचने के लिए हाथी ने लैंपस के लोहे के शटर को भी मरोड़कर तोड़ डाला। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
जंगल में जमाया डेरा, वन विभाग अलर्ट पर
गांव में काफी देर तक उत्पात मचाने के बाद हाथी सांपधरा साल जंगल की ओर चला गया है। सूत्रों के मुताबिक, हाथी फिलहाल जंगल में ही डेरा जमाए हुए है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।
