
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 15 की त्रिपुरारी कॉलोनी में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या से स्थानीय लोग परेशान थे। अंधेरे के कारण कॉलोनीवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, वहीं महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी।
अंधेरे में गुजरने को मजबूर थे लोग
स्थानीय निवासियों के अनुसार, स्ट्रीट लाइटें कई दिनों से बंद पड़ी थीं, जिससे शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता था। राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता था और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का भी डर लोगों को सता रहा था।
समाजसेवी देबू चटर्जी ने उठाया मुद्दा
इस समस्या की जानकारी मिलते ही समाजसेवी देबू चटर्जी ने तत्काल पहल करते हुए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने कॉलोनी की स्थिति से निगम को अवगत कराते हुए स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत की मांग रखी।
निगम से समन्वय कर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
देबू चटर्जी की पहल के बाद नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। लगातार प्रयास और समन्वय के परिणामस्वरूप त्रिपुरारी कॉलोनी में सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य अब पूरा कर लिया गया है।बाकी बचे हुए जो लाइट ख़राब हो चुकी है उसे भी जल्द से जल्द बदलने की कवायद शुरू कर दी गई है।
लोगों ने ली राहत की सांस
स्ट्रीट लाइटें जलने के बाद कॉलोनी में दोबारा रोशनी लौट आई है। अब स्थानीय लोगों को अंधेरे में आने-जाने की मजबूरी से निजात मिल गई है। कॉलोनीवासियों ने इस पहल के लिए समाजसेवी देबू चटर्जी का आभार जताया और कहा कि उनकी सक्रियता से एक बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।
