
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के कद्दावर चेहरे नितिन नवीन को आधिकारिक तौर पर पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा के बाद जमशेदपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को जमशेदपुर महानगर भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में विजय उत्सव मनाया गया।
दीपावली और होली जैसा नजारा
साकची स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। जश्न का आलम यह था कि कार्यकर्ताओं ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। पार्टी कार्यालय ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ और ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
“युवा नेतृत्व से मजबूत होगा संगठन”: संजीव सिन्हा
जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नितिन नवीन के रूप में भाजपा को एक युवा, ऊर्जावान और अनुभवी राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। उन्होंने कहा नितिन नवीन मात्र 45 वर्ष की आयु में इस शीर्ष पद पर पहुंचे हैं, जो पार्टी के करोड़ों युवा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उनके कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को जमीनी स्तर पर मिलेगा।संजीव सिन्हा ने विश्वास जताया कि नए अध्यक्ष के मार्गदर्शन में झारखंड में भाजपा एक बार फिर मजबूती के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
बिहार-झारखंड से विशेष जुड़ाव
बता दें कि नितिन नवीन का जन्म रांची (झारखंड) में हुआ है और वे बिहार की राजनीति में पांच बार के विधायक रहे हैं। पूर्वी भारत से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं में एक अलग ही भावनात्मक जुड़ाव देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पूर्वी भारत की राजनीतिक परिस्थितियों को वे बेहतर समझते हैं, जिसका लाभ आने वाले चुनावों में पार्टी को मिलेगा।
जश्न में शामिल प्रमुख चेहरे
इस विजय उत्सव में जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के अलावा जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा “सेवा ही संगठन” के संकल्प को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाएगी
