
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने शुक्रवार को बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ भव्य स्वागत
पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा के कई कद्दावर नेता और पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आनंद गोस्वामी, पूर्व विधायक मेनका सरदार और कई पूर्व जिला अध्यक्षों ने संजीव सिन्हा को फूल-माला पहनाकर और बुके भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, जिससे कार्यालय का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
“संगठन की मजबूती ही प्राथमिकता”: संजीव सिन्हा
पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नए जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी ने मुझे एक बहुत बड़ा दायित्व सौंपा है। मेरा लक्ष्य संगठन को और अधिक धारदार और मजबूत बनाना है। मैं वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से सभी को साथ लेकर बैठूंगा और जमशेदपुर में भाजपा के आधार को और विस्तार दूंगा।
सुधांशु ओझा ने दी बधाई
निर्वतमान अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने संजीव सिन्हा को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।
सांगठनिक मजबूती पर जोर
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि संजीव सिन्हा के सामने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की बड़ी चुनौती होगी। हालांकि, पदभार ग्रहण समारोह में दिखी एकजुटता ने यह संकेत दे दिया है कि पार्टी के भीतर नए नेतृत्व को लेकर खासा उत्साह है।
