
जमशेदपुर: आजाद भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लौहनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में बिष्टुपुर स्थित मेडिकल बस्ती में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
संविधान और सामाजिक समरसता पर जोर
झंडोत्तोलन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विकास सिंह ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज देश की आंतरिक स्थिति और लोकतांत्रिक ढांचा अगर पूरी तरह सुरक्षित है, तो इसका श्रेय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित महान संविधान को जाता है।उन्होंने आगे कहा, “बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा दिया गया ‘सामाजिक समरसता’ का मूल मंत्र ही भारत की शक्ति है। इसी मंत्र के कारण विविधताओं से भरे हमारे देश को मजबूती मिली है और हम एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर खड़े हैं।”
बच्चों के बीच बांटी गई खुशियाँ
राष्ट्रीय पर्व के उल्लास को साझा करने के लिए कार्यक्रम के अंत में स्थानीय बच्चों और नागरिकों के बीच जलेबी, चॉकलेट और लड्डू का वितरण किया गया। मिष्ठान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरी बस्ती ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान रही।
इनकी रही मुख्य उपस्थिति
समारोह को सफल बनाने में स्थानीय समाज की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास सिंह एवं अधिवक्ता विनोद सिंह,चंदन मुखी, धीरज मुखी, विकास मुखी, मुनि मुखी,रीता मुखी, श्वेता मुखी, शंकर मुखी, बाबू मुखी,लखन मुखी, मनीष मुखी, करण मुखी, सन्नी मुखी,पंकज गुप्ता और प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में बस्तीवासी उपस्थित थे।
