झारखंड नगर निकाय चुनाव का ऐलान,48 निकायों में 23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को मतगणना

Spread the love

रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर आखिरकार बिगुल बज चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित सभी नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना 28 जनवरी 2026 को जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

नामांकन से लेकर मतदान तक का पूरा कार्यक्रम

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 जनवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी,29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामांकन प्रक्रिया होगी। 23 फरवरी को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक और 27 फरवरी को मतगणना एवं परिणाम घोषणा की जाएगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया 28 जनवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच संपन्न होगी।

गैर-दलीय आधार पर होंगे चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव पूरी तरह गैर-दलीय आधार पर कराए जाएंगे। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। इस चुनाव में (नोटा) का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र के साथ-साथ आयोग द्वारा मान्य अन्य वैध पहचान पत्रों का भी उपयोग किया जा सकेगा।

48 नगर निकायों में होगा चुनाव

इस बार के नगर निकाय चुनाव में शामिल हैं— 9 नगर निगम,20 नगर परिषद,19 नगर पंचायत।राज्यभर में चुनाव के लिए 4,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

43 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार झारखंड में कुल 43,23,574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22,07,203 पुरुष मतदाता,21,26,227 महिला मतदाता शामिल हैं। आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सामान्य पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) और व्यय निगरानी पर्यवेक्षक की तैनाती की घोषणा भी की है।

चार साल बाद होंगे नगर निकाय चुनाव

झारखंड में नगर निकाय चुनाव कई मायनों में बेहद खास माने जा रहे हैं। वर्ष 2020 से ही ये चुनाव लंबित थे। कोरोना महामारी, ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट को लेकर मामला लंबे समय तक अटका रहा। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जाकर चुनाव की राह साफ हो सकी है।

More From Author

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर जमशेदपुर में बैंककर्मियों की हड़ताल,350 से अधिक बैंक शाखाएं बंद

किरीबुरू: बस और बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौके पर ही मौत; दो घायल राउरकेला रेफर, तीखे मोड़ पर हुआ हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.