किरीबुरू: बस और बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौके पर ही मौत; दो घायल राउरकेला रेफर, तीखे मोड़ पर हुआ हादसा

Spread the love

गुवा/किरीबुरू: गणतंत्र दिवस के उत्साह के बीच किरीबुरू थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सोमवार (26 जनवरी) की दोपहर करीब 3:00 बजे मेघाहातुबुरु मार्ग पर सेल की बस और एक मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीखे मोड़ पर हुआ आमने-सामने का टकराव

जानकारी के अनुसार, किरीबुरू प्रोस्पेक्टिंग निवासी पवन करुवा अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किरीबुरू से बड़ाजामदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेघाहातुबुरु सेल प्रबंधन की बस जनशताब्दी ट्रेन के यात्रियों को लेकर वापस लौट रही थी। जैसे ही दोनों वाहन वन विभाग टावर के समीप स्थित ‘तीखे मोड़’ पर पहुँचे, उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना खौफनाक कि बस के अंदर जा गिरे युवक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक उछलकर सीधे बस के अगले हिस्से को तोड़ते हुए अंदर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में चालक पवन करुवा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके दोनों साथी खून से लथपथ होकर बस के भीतर ही तड़पने लगे।

पुलिस की कार्रवाई और घायलों का रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत नोवामुंडी स्थित टिस्को अस्पताल ले जाया गया।पवन करुवा को डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें राउरकेला रेफर कर दिया गया है।

‘डेथ पॉइंट’ बनता जा रहा है यह मोड़

स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग टावर के पास स्थित यह तीखा मोड़ बेहद खतरनाक है और यहाँ पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और सेल प्रबंधन से इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गति सीमा निर्धारित करने के लिए ‘स्पीड ब्रेकर’ व ‘साइन बोर्ड’ लगाने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और बस को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी या चालक की लापरवाही।

More From Author

झारखंड नगर निकाय चुनाव का ऐलान,48 निकायों में 23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को मतगणना

आदित्यपुर स्टेशन बनेगा ‘सैटेलाइट जंक्शन’; डीआरएम तरुण हुरिया ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होंगी लंबी दूरी की ट्रेनें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.