जमशेदपुर: बागुनहातु सरना विद्यालय में अराजक तत्वों ने लगाई आग; कक्षा 1 का कमरा जलकर राख, किताबें और बेंच हुए बर्बाद

Spread the love

जमशेदपुर: लौहनगरी के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से शिक्षा के मंदिर को निशाना बनाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। बागुनहातु स्थित उत्क्रमित मध्य सरना विद्यालय में गुरुवार देर रात अराजक तत्वों ने आग लगा दी। इस आगजनी में विद्यालय की कक्षा एक का कमरा पूरी तरह जल गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई का भारी नुकसान हुआ है।

देर रात 1 बजे मची अफरा-तफरी

घटना गुरुवार देर रात लगभग 1:00 बजे की है। स्कूल परिसर से आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों के होश उड़ गए। स्थानीय निवासी कंचन दत्ता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची सिदगोड़ा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखा सामान स्वाहा हो चुका था।

सब कुछ जलकर हुआ राख: प्राचार्य

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि उन्हें सुबह इस घटना की पूरी जानकारी मिली। उन्होंने बताया कक्षा एक के कमरे में रखीं विद्यार्थियों की किताबें, टीचिंग लर्निंग मटेरियल और डेस्क-बेंच पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।मुकेश ठाकुर ने बताया कि रात 1 बजे पड़ोसी कंचन दत्ता का फोन आया था, जिसे वे उठा नहीं सके। सुबह जब उन्होंने वापस फोन किया, तब पता चला कि पुलिस रात में स्कूल की चाबी मांग रही थी ताकि आग बुझाई जा सके।

अराजक तत्वों की करतूत से आक्रोश

सुबह जब प्राचार्य स्कूल पहुंचे, तो कमरे का मंजर देख दंग रह गए। कमरे में कुछ भी शेष नहीं बचा है। इस घटना के बाद स्कूल के बच्चों और शिक्षकों में भारी दुख और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शिक्षा के केंद्र पर इस तरह का हमला समाज के लिए चिंताजनक है।

पुलिस जांच में जुटी

सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाउंड्री वॉल फांदकर स्कूल के अंदर घुसने वाले वे कौन लोग थे जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

More From Author

सरायकेला: आईडीबीआई बैंक कर्मी ने घर में पंखे से लटककर की आत्महत्या; सुसाइड नोट में ‘काम के दबाव’ का जिक्र, इलाके में सनसनी

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने बापू वाटिका में दी श्रद्धांजलि, शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलने पर जताया हर्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.