
जमशेदपुर: मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इसी संकल्प को दोहराते हुए जमशेदपुर की सामाजिक संस्थाओं और प्रखर समाजसेवियों ने मानगो दाईगुटू में हुए भीषण अग्निकांड की पीड़ित एक बुजुर्ग महिला की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है। घटना में अपना सब कुछ खो चुकी महिला की बेबसी को देखते हुए सामाजिक संस्था ‘यात्रा’ (एक नई जीवन की शुरुआत) और शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों ने रविवार को उन्हें आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराया।
जरूरतमंद बुजुर्ग महिला को मिला ‘नया जीवन’
अग्निकांड के बाद बुजुर्ग महिला के पास न तो रहने के लिए बिस्तर बचा था और न ही खाने के लिए अन्न। इस जानकारी के मिलते ही समाजसेवी टीम उनके निवास स्थान पर पहुँची और निम्नलिखित सामग्री का वितरण किया जिसमे पलंग, गद्दा, तकिया,नए कपड़े,सूखा राशन और अन्य खाद्य सामग्री (महीने भर की राहत)।
इन प्रमुख लोगों ने की पहल
इस नेक कार्य में सामाजिक संस्था ‘यात्रा’ की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह के नेतृत्व में कई प्रखर समाजसेवियों ने योगदान दिया। मौके पर श्रीमती रीना सिंह (अध्यक्ष, यात्रा संस्था),हरि सिंह राजपूत (प्रखर समाज सेवी), राजेश सिंह राजू (महानगर अध्यक्ष, इंटक जमशेदपुर),छककन चौधरी (समाजसेवी) और सोनू सिंह (समाजसेवी) शामिल थे।
“संकट की घड़ी में हम साथ खड़े हैं”
इस अवसर पर रीना सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ही है ‘एक नई जीवन की शुरुआत’ करना। उन्होंने बताया कि अग्निकांड ने महिला को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ दिया था, ऐसे में उन्हें सहारा देना हमारा कर्तव्य है। वहीं राजेश सिंह राजू ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को हमेशा आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए।
बुजुर्ग महिला की आँखों में दिखे खुशी के आँसू
राहत सामग्री पाकर पीड़ित बुजुर्ग महिला भावुक हो गईं। उन्होंने सभी समाजसेवियों का आभार प्रकट किया। स्थानीय निवासियों ने भी समाजसेवियों के इस त्वरित कदम की सराहना की है, जिससे पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिल सकी।
