
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद की सशक्त प्रत्याशी रिंकू सिंह ने रविवार को आध्यात्मिक आशीर्वाद और व्यापक जनसंपर्क के जरिए अपने चुनावी अभियान को नई धार दी। पारडीह काली मंदिर में मत्था टेकने से लेकर जुगसलाई की तंग गलियों में घर-घर दस्तक देने तक, रिंकू सिंह का ‘सेवा भाव’ मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
आध्यात्मिक शुरुआत: महंत विद्यानंद सरस्वती से लिया आशीर्वाद
रविवार सुबह रिंकू सिंह सपरिवार पारडीह काली मंदिर पहुँचीं, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने काली मंदिर आश्रम में जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती से मुलाकात कर जीत का आशीर्वाद लिया। संतों का आशीर्वाद लेकर वे सीधे जुगसलाई के चुनावी मैदान में उतरीं।
डोर-टू-डोर अभियान: “ईंट” पर मुहर लगाने की अपील
जुगसलाई लौटकर रिंकू सिंह ने छपरहिया मोहल्ला, बंगाली पाड़ा, डिकॉस्टा रोड और अर्जुन टावर में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने अपने चुनाव चिह्न “ईंटें” (क्रम संख्या 8) के बारे में बताते हुए कहा जिस प्रकार एक-एक ईंट जुड़कर एक मजबूत इमारत बनाती है, उसी प्रकार आपके एक-एक वोट से हम एक विकसित और मजबूत जुगसलाई का निर्माण करेंगे। मेरे वादे ईंट की तरह ही ठोस और मजबूत हैं।
हरिजन बस्ती में बैठक: समस्याओं पर सीधा संवाद
रिंकू सिंह ने एमई स्कूल रोड स्थित हरिजन बस्ती का दौरा किया और रविदास व मुखी समाज के लोगों के साथ बैठक की। स्थानीय लोगों ने पानी, बिजली, ट्रैफिक जाम, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। बस्ती के लोगों ने रिंकू सिंह को अपनी ‘जनप्रिय प्रत्याशी’ बताते हुए भारी मतों से जिताने का वचन दिया।बैठक में रिंकू सिंह ने स्पष्ट किया कि वे राजनीति करने नहीं, बल्कि जुगसलाई परिवार की सेवा करने आई हैं।
विजन 2026: क्या हैं रिंकू सिंह की प्राथमिकताएं?
रिंकू सिंह ने जुगसलाई के कायाकल्प के लिए अपना विजन साझा करते हुए प्रमुख घोषणाएं कीं जिसमे पूरे जुगसलाई क्षेत्र में टाटा स्टील यूटिलिटीज (जुस्को) के माध्यम से स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना। क्षेत्र में एक समर्पित महिला कॉलेज की स्थापना करना। बच्चों के लिए पार्क, व्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या से स्थायी मुक्ति। मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं को हर गरीब की पहुँच तक लाना।
