सरायकेला: टाँगरानी एसबीआई के पास कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर; हादसे में संतोष अग्रवाल घायल, ग्रामीणों ने चालक को खदेड़कर पकड़ा

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के टाँगरानी गांव के समीप स्टेट बैंक के सामने सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार सरायकेला निवासी संतोष अग्रवाल को सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और संतोष अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

अखबार पढ़कर लौट रहे थे घर

जानकारी के अनुसार, संतोष अग्रवाल की दिनचर्या के मुताबिक वे हर सुबह स्कूटी से अखबार पढ़ने के लिए टाँगरानी स्थित एक दुकान पर जाते थे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब वे अखबार पढ़कर वापस अपने सरायकेला स्थित आवास की ओर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

रांची से चाईबासा जा रही थी कार

बताया जा रहा है कि कार सवार लोग रांची में एक शादी समारोह में शामिल होकर चाईबासा की ओर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, दुर्घटना के बाद कार का अगला पहिया पंक्चर हो गया, इसके बावजूद चालक ने भागने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी: सांगाजाटा के पास दबोचा

घटना के बाद भाग रहे कार चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर चाईबासा रोड स्थित साँगाजाटा गांव के पास धर दबोचा। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर तुरंत सरायकेला पुलिस के हवाले कर दिया।

इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर

घायल संतोष अग्रवाल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर जांच के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें सिटी स्कैन और विस्तृत इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए हैं।

थाने में नहीं दर्ज हुआ मामला: समझौते पर बनी बात

हादसे के बाद सरायकेला थाना में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। कार चालक द्वारा घायल का उचित इलाज कराने और क्षतिग्रस्त स्कूटी की मरम्मत कराने की शर्त स्वीकार करने के बाद, संतोष अग्रवाल के परिजनों ने फिलहाल मामला दर्ज नहीं कराया है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

More From Author

मानगो चुनाव: जनसभा में फूट-फूटकर रोने लगे पूर्व मंत्री; सुधा गुप्ता के समर्थन में आयोजित सभा में हुए भावुक, समर्थकों ने संभाला

आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: महापौर पद के लिए बिनोती हाँसदा ने झोंकी ताकत; ‘चूड़ियां छाप’ के साथ विकास का संकल्प, शिक्षा और अनुभव बनी ताकत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.