
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत लिडे कंपनी के समीप सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार सफेद इनोवा कार और एक ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे नाले में जा पलटा। गनीमत रही कि ऑटो चालक और उसमें सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
टाटानगर स्टेशन से साकची जा रहा था ऑटो
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक टाटानगर स्टेशन से चार यात्रियों को रिजर्व लेकर साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने ऑटो को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि नाले में गिरा ऑटो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ऑटो को नाले से बाहर निकाला गया। हादसे में ऑटो चालक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
