
जमशेदपुर: लौहनगरी के टाटानगर रेलवे स्टेशन ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन द्वारा टाटानगर को ‘बेस्ट केप्ट स्टेशन’ के खिताब से नवाजा गया है। यह सम्मान मंगलवार को कोलकाता स्थित जोन मुख्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान दिया जाएगा।
सम्मान लेने कोलकाता जाएगी टाटानगर की टीम
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए टाटानगर स्टेशन के निदेशक सुनील कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक जितेंद्र कुमार कोलकाता रवाना होंगे। स्टेशन की साफ-सफाई, रखरखाव और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार का ही परिणाम है कि टाटानगर को इस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ चुना गया है।
चक्रधरपुर मंडल का दबदबा: कुल 8 अवॉर्ड्स पर कब्जा
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के अंतर्गत आने वाले चक्रधरपुर मंडल ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल को अलग-अलग श्रेणियों में कुल 8 अवॉर्ड मिले हैं। इन पुरस्कारों को ग्रहण करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में अधिकारियों की एक विशेष टीम कोलकाता मुख्यालय पहुंचेगी।
सफलता का पुराना रिकॉर्ड
यह पहली बार नहीं है जब टाटानगर या राउरकेला स्टेशन ने रेलवे का ध्यान अपनी ओर खींचा हो। इससे पहले भी टाटानगर और राउरकेला स्टेशनों को निम्नलिखित मानकों के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे जोन और रेलवे बोर्ड से कई पुरस्कार मिल चुके हैं ,प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया की बेहतर सफाई। वेटिंग हॉल, पेयजल और सूचना प्रणाली में सुधार।ट्रेनों का समयबद्ध संचालन और सुरक्षा।
यात्रियों के लिए गर्व का विषय
टाटानगर स्टेशन को मिलने वाला यह अवॉर्ड न केवल रेल कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि जमशेदपुर के यात्रियों के लिए भी गर्व की बात है। स्टेशन प्रबंधन का लक्ष्य अब इस मानक को बनाए रखते हुए आगामी समय में ‘नेशनल रैंकिंग’ में भी शीर्ष स्थान हासिल करना है।
