Views: 0

बोकारो: कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बुधवार को सेक्टर 6 थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कानूनी दस्तावेजों के रखरखाव का बारीकी से जायजा लिया।
अभिलेखों और केस डायरी की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में दर्ज प्राथमिकी, केस डायरी और अनुसंधान से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट मांगी और जांच में देरी के कारणों पर चर्चा की.एसपी ने थाना के अभिलेखों की स्थिति पर संतोष जताया, लेकिन कुछ कमियों को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया।क्षेत्र में होने वाली चोरी, छिनतई और अन्य अपराधों को रोकने के लिए तैयार की गई सुरक्षा रणनीति की समीक्षा की गई।
नए अनुसंधानकर्ताओं को दी ‘प्रोफेशनल’ सलाह
मीडिया से मुखातिब होते हुए एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि विभाग में शामिल हुए नए अनुसंधानकर्ताओं ( को विशेष मार्गदर्शन दिया गया है।
“नए अधिकारियों को विधि-सम्मत कार्रवाई करने और केस डायरी को पेशेवर तरीके से संधारण करने के गुर सिखाए गए हैं। हमारा लक्ष्य है कि जांच में कोई तकनीकी खामी न रहे ताकि अपराधियों को कड़ी सजा मिल सके।” — हरविंदर सिंह, एसपी बोकारो
शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण प्राथमिकता
एसपी ने थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने और लंबित मामलों का निष्पादन युद्ध स्तर पर किया जाए। वारंटी और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए। पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का रिश्ता कायम हो, ताकि लोग बेझिझक अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
एसपी ने अंत में दोहराया कि बोकारो जिले में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।
