
जमशेदपुर: पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खात्मे को लेकर जुगसलाई नगर परिषद ने बुधवार को शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल और भंडारण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
बाजार के इन क्षेत्रों में हुई छापेमारी
नगर परिषद की टीम ने जुगसलाई के व्यस्ततम इलाकों में दबिश दी। जांच अभियान मुख्य रूप से स्टेशन रोड गुरुद्वारा से बाटा चौक ,चौक बाजार और धर्मशाला रोड,जुगसलाई फाटक चौक और मारवाड़ी पाड़ा रोड क्षेत्रों में चलाया गया।
जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई
अभियान के दौरान फूटपाथी और छोटे दुकानदारों के पास से कुल 7 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया गया। जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, तो कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ दुकान का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
संयुक्त टीम का गठन
इस अभियान को सफल बनाने के लिए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ मिलकर काम किया। अधिकारियों ने दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों को भी कपड़े के थैले इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया।
