मानगो में सियासी पारा हाई: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने बैलेट वोटिंग को बताया ‘डिब्बा गोल’ करने वाली पुरानी साजिश

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। शुक्रवार को भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जमशेदपुर पहुंचे और मानगो के गुरुद्वारा बस्ती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में हुंकार भरते हुए राज्य सरकार और मतदान की प्रक्रिया पर जमकर हमला बोला।

बैलेट पेपर से वोटिंग पर तीखा प्रहार

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सेठ ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराए जाने के फैसले पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया बहुत धीमी है। एक मतदाता को वोट देने में करीब चार मिनट का समय लगेगा। इससे बूथों पर लंबी कतारें लगेंगी और अंततः मतदान प्रतिशत घट जाएगा। यह वोटिंग प्रतिशत कम करने की एक सोची-समझी साजिश है।”

लालू राज का जिक्र कर साधा निशाना

संजय सेठ ने पुरानी चुनावी व्यवस्थाओं पर तंज कसते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव के समय में जब बैलेट से मतदान होता था, तब ‘आंख बंद कर डिब्बा गोल’ कर दिया जाता था। उन्होंने आशंका जताई कि बैलेट पेपर की वापसी पारदर्शी चुनाव की राह में बाधा बन सकती है और यह निष्पक्ष चुनाव की लोकतांत्रिक भावनाओं के विपरीत है।

‘वोटकटवा’ उम्मीदवारों से भाजपा सतर्क

मानगो का चुनावी समीकरण इस बार काफी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण हो गया है। भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि मैदान में मौजूद कुछ ‘वोटकटवा’ उम्मीदवार पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगा सकते हैं। इसी खतरे को भांपते हुए भाजपा ने अब अपने स्टार प्रचारकों की फौज मानगो में उतार दी है। पार्टी का पूरा जोर अपने समर्थकों को एकजुट करने और विपक्षी ध्रुवीकरण को रोकने पर है।

जनता से भाजपा के पक्ष में अपील

संजय सेठ ने मानगो की जनता से अपील की कि वे विकास और सुरक्षा के नाम पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को अपना बहुमूल्य मत दें। उन्होंने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि मानगो की समस्याओं का समाधान केवल डबल इंजन की सोच वाली विचारधारा ही कर सकती है।

More From Author

एक्सएलआरआई गोलचक्कर के पास पलटा आयरन स्पंज लदा ट्रक, रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार बने काल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.