
बहरागोड़ा : क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के हाथ पीले करने के उद्देश्य से आगामी 2 मार्च को आयोजित होने वाले विशाल सामूहिक विवाह समारोह की धार्मिक रस्में शुरू हो गई हैं। सोमवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी की अनुपस्थिति में उनके समर्थकों ने प्रसिद्ध चित्रेश्वर धाम पहुंचकर देवाधिदेव महादेव की विशेष पूजा-अर्चना की।
बाबा चित्रेश्वर को पहला निमंत्रण
परंपरा और आस्था का निर्वहन करते हुए समर्थकों ने सामूहिक विवाह समारोह का प्रथम निमंत्रण पत्र बाबा चित्रेश्वर को समर्पित किया। इस अवसर पर समर्थकों ने ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों की सुपुत्रियों के इस वैवाहिक आयोजन की निर्विघ्न सफलता और सुखद भविष्य की प्रार्थना की।
शाखा मैदान में बनेगा भव्य विवाह मंडप
सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन बहरागोड़ा स्थित नेताजी सुभाष शिशु उद्यान के समीप शाखा मैदान में किया जाएगा। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विशाल और आकर्षक विवाह मंडप का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
50 हजार मेहमानों का जुटेगा जमघट
आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष का समारोह ऐतिहासिक होगा।लगभग 50 हजार अतिथियों को इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण भेजा जा रहा है। डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में यह आयोजन पिछले कई वर्षों से सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक बना हुआ है।
मौके पर उपस्थित गणमान्य
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्य रूप से रंजीत बाला, श्रीवत्स घोष, देवाशीष दास, राजकुमार कर, चित्त देहूरी, अरुण बारिक, कार्तिक पैरा, अर्धेन्दु घोष, मिहिर लेंका, संजय बारिक, साधीन दलाई, बुधूराम संढ, बीरेंद्रनाथ घोष, बिमल श्यामल सहित कई अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।
