
जमशेदपुर।इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) को युवाओं से जोड़ने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने सत्यम सिंह को यूथ इंटक (Youth INTUC) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सदस्यता प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड जारी किया।
संगठन में नई ऊर्जा और दिशा
सत्यम सिंह लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। मजदूरों, किसानों और युवाओं की समस्याओं को मुखरता से उठाने वाले सत्यम सिंह पूर्व में झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगठनात्मक चुनाव में विजय प्राप्त कर उन्होंने अपनी लोकप्रियता और कार्यकुशलता को साबित किया है।
सत्यम सिंह की प्राथमिकताएँ
नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष ने कहा,”संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा जताया है उसके लिए मैं आभारी हूँ। मेरी प्राथमिकता मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान, बाल मजदूरी की रोकथाम, महिला श्रमिकों की सहभागिता बढ़ाने और सरकार की ओर से मिलने वाली श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं को हर मजदूर तक पहुँचाना होगा। साथ ही गिग वर्कर्स के हक की लड़ाई भी पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।”उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के युवाओं और मजदूरों को एकजुट कर इंटक के संघर्ष को और मज़बूती देंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
झारखंड में इस घोषणा का कार्यकर्ताओं और मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी ने विश्वास जताया कि सत्यम सिंह के नेतृत्व में यूथ इंटक को नई दिशा, ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
मौके पर उपस्थित लोग
इस अवसर पर मुख्य रूप से रघु चंदन प्रधान, नीतीश सिंह, शुभम मुखी, विवेक शर्मा, रोशन मुखी, शुभम शुक्ला, रवि शंकर सिंह, जगदीप सिंह, अनीश सिंह, लव कुमार, कुश कुमार, जिशु कुमार, रौनक कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।