
गम्हरिया/आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के बहुप्रतीक्षित परिणामों में वार्ड संख्या 5 से विनीता कुमारी ने जीत का परचम लहराया है। मतगणना केंद्र से जैसे ही उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा हुई, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ अपनी नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत किया।
200 मतों के अंतर से दी शिकस्त
जानकारी के अनुसार, युवा समाजसेवी पिंटू सिंह की पत्नी विनीता कुमारी ने कड़े मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को लगभग 200 मतों के अंतर से पराजित किया। शुरुआती रुझानों से ही विनीता कुमारी ने बढ़त बना ली थी, जो अंतिम राउंड तक बरकरार रही।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
वार्ड संख्या 5 के विभिन्न मोहल्लों में जश्न का माहौल है। विनीता कुमारी की जीत को समर्थकों ने विकास और सेवा की जीत बताया है। पिंटू सिंह के सामाजिक कार्यों का लाभ भी इस चुनाव में विनीता कुमारी को मिलता दिखा। जीत के बाद विनीता कुमारी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता वार्ड की बुनियादी समस्याओं जैसे सड़क, नाली और साफ-सफाई को दूर करना होगा।
