
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के नतीजों ने नई तस्वीर साफ कर दी है। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में नौशीन खान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को भारी मतों के अंतर से शिकस्त देते हुए शानदार जीत दर्ज की है। प्रशासन द्वारा परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
720 मतों के अंतर से मिली ऐतिहासिक विजय
मतगणना के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, नौशीन खान ने 720 मतों की लीड के साथ अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया। इस जीत को जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। समर्थकों की भीड़ ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का मालाओं से स्वागत किया।
विकास ही प्राथमिकता: नौशीन खान
जीत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नौशीन खान ने जुगसलाई की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यह जीत जनता का विश्वास है। मेरी प्राथमिकता जुगसलाई का समग्र विकास, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल की समस्या का समाधान और सड़कों का निर्माण होगी।” उन्होंने मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
जुगसलाई नगर परिषद में नौशीन खान की यह जीत आने वाले समय में स्थानीय राजनीति के समीकरण बदल सकती है। फिलहाल समर्थकों का जश्न जारी है और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता रखे गए हैं।
