
गम्हरिया:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर में शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरा एक तेज रफ्तार पैसेंजर ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मोबाइल फोन बना हादसे का कारण!
प्रत्यक्षदर्शियों और ऑटो में सवार यात्रियों ने चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि ऑटो चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। फोन पर बात करने के दौरान अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और पलट गया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर और स्थानीय लोगों ने पहुँचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान गम्हरिया की ओर से आ रहे ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने तत्परता दिखाई। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
पुलिस ने ऑटो को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की लापरवाही को लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
