
चतरा: चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रायगढ़ से गया की ओर जा रही ‘बदन बस’ सघरी घाटी के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
सघरी घाटी के भुईयांडीह के पास ‘मौत का तांडव’
हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित सघरी घाटी के भुईयांडीह और जोरी के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही घाटी के तीखे मोड़ पर पहुँची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई।बस पलटते ही यात्रियों में कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर बचाव कार्य शुरू किया।सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और क्रेन की मदद से बस को सीधा करने का प्रयास शुरू किया।
घायलों की स्थिति और पहचान
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत चतरा सदर अस्पताल भेजा गया। एक यात्री की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।
घायलों की सूची:
1. राकेश कुमार (जहानाबाद)
2. रंधीर कुमार (वजीरगंज, गया)
3. संजीत कुमार (डुमरिया)
4. सुजीत कुमार (चतरा)
5. कमलेश कुमार (बगरा)
6. अमृत कुमार (जोरी)-
हादसे का कारण और बस का रूट
यह बस दोपहर 1:30 बजे डुमरिया से खुलकर रायपुर के लिए चलती है, जो रानीगंज, शेरघाटी, डोभी और चतरा होते हुए एक लंबा सफर तय करती है।पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा बस में आई किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार इसकी वजह थी।प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और अस्पताल में समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
