
जमशेदपुर:लौह नगरी जमशेदपुर में टाटा समूह के संस्थापक जे.एन. टाटा की जयंती यानी संस्थापक दिवस का जश्न शुरू हो गया है। सोमवार शाम टाटा संस के चेयरमैन डॉ. एन. चंद्रशेखरन ने ऐतिहासिक जुबिली पार्क में रिबन काटकर और बटन दबाकर आकर्षक विद्युत सज्जा का औपचारिक उद्घाटन किया।उद्घाटन के साथ ही पूरा जुबिली पार्क और जमशेदपुर शहर दूधिया और रंगीन रोशनी से नहा उठा। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए शहरवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
झारखंड में होगा बड़ा निवेश: एन. चंद्रशेखरन
मीडिया से बातचीत के दौरान टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टाटा समूह की भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा “टाटा समूह झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के साथ हुए हालिया समझौतों के तहत, टाटा ग्रुप झारखंड में बड़े निवेश की योजना पर काम कर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम बहुत जल्द धरातल पर दिखाई देंगे।
3 मार्च होगा मुख्य समारोह
संस्थापक दिवस का मुख्य समारोह कल, यानी 3 मार्च को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क और टाटा स्टील प्लांट के भीतर आयोजित किया जाएगा। चेयरमैन ने सभी शहरवासियों और झारखंड के लोगों को संस्थापक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से जुबिली पार्क की सजावट का आनंद लेने की अपील की।
शहरवासियों में भारी उत्साह
उदघाटन समारोह के दौरान टाटा स्टील और टाटा समूह के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा और भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जुबिली पार्क की लाइटिंग को देखने के लिए ना केवल जमशेदपुर, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
