
जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे फाटक गोलचक्कर पर मंगलवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
भागने की कोशिश पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही एक स्कूटी को जब ट्रैफिक पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक भागने लगा। मौके पर तैनात एएसआई शमशाद आलम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर स्कूटी को पकड़ लिया। जब चालक से पूछताछ की गई, तो उससे शराब की गंध आ रही थी। संदेह होने पर जब स्कूटी की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए।
80 लीटर शराब बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान स्कूटी से करीब 70 से 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि कुमार दास (निवासी- बागबेड़ा) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
ट्रैफिक प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि शहर में अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन पर हमारी लगातार नजर है। चेकिंग के दौरान पकड़ी गई शराब और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जुगसलाई थाना को सौंप दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस की मुस्तैदी की चर्चा
जुगसलाई रेलवे फाटक जैसे व्यस्त इलाके में ट्रैफिक पुलिस की इस सजगता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहाँ खपाई जानी थी।
