
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सबसे व्यस्त इलाके बिष्टुपुर में बीती रात आगजनी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लड बैंक के समीप स्थित करीब 5 से 6 दुकानों में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इस घटना में दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है।
देर रात मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात की है अचानक दुकानों से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, वरना पास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
प्रत्येक दुकानदार को 2-3 लाख का नुकसान
आगजनी की इस घटना में प्रभावित दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, प्रत्येक दुकानदार को 2 से 3 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा कीमती सामान और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया है।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी
घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस शर्मनाक हरकत के पीछे किसका हाथ है। बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
दुकानदारों की मांग: दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए। व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना पुलिस गश्ती पर भी सवालिया निशान खड़ा करती है।
