
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के लिए आज गर्व और सम्मान का ऐतिहासिक दिन है। शहर की प्रतिभाशाली बेटी अंकिता यादव ने भारतीय सेना में अधिकारी चयन प्रक्रिया में ऑल इंडिया रैंक 3 प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। अंकिता की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
बैंक अधिकारी की बेटी अब संभालेगी देश की कमान
अंकिता यादव बैंक ऑफ इंडिया की तामुलिया शाखा के हेड कैशियर जे.डी. यादव की सुपुत्री हैं। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से बेटियां आसमान छू सकती हैं।अंकिता जल्द ही चेन्नई स्थित प्रतिष्ठित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में अपना सैन्य प्रशिक्षण शुरू करेंगी।प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त कर देश सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व संभालेंगी।
युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
अंकिता की यह उपलब्धि जमशेदपुर और झारखंड के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो भारतीय सेना में शामिल होकर देश की रक्षा करना चाहते हैं। उनकी सफलता विशेष रूप से बेटियों के लिए एक संदेश है कि रक्षा क्षेत्र में उनके लिए अपार संभावनाएं हैं।इस अवसर पर संतोष के. सिंह और वरुण कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अंकिता यादव को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
