
सरायकेला: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रफ्तार का जानलेवा खेल देखने को मिला है। पुड़ीसिल्ली चौक स्थित शिव मंदिर के पास कांदरबेडा-डोबो मुख्य सड़क पर एक अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार युवक को सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
आमने-सामने की भिड़ंत से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की होंडा क्रेटा कार बेहद तेज गति में कांदरबेडा की ओर से आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे नीले रंग की स्कूटी सवार युवक को कार ने सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की तत्परता: घायल को पहुंचाया टाटा मेन हॉस्पिटल
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी के मोहम्मद बशीर खान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल भिजवाया।डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है।
कार सवारों की हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में दो युवक सवार थे। प्रारंभिक जांच में कार सवार एक युवक का नाम दिलीप मंडल बताया जा रहा है, जो जमशेदपुर के सितारामडेरा थाना क्षेत्र का निवासी है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
कपाली पुलिस का बयान
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी मोहम्मद बशीर खान ने बताया कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या कार चालक नशे में था या यह केवल ओवरस्पीडिंग का मामला है।
