
जमशेदपुर: शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र में भाजपा के एक स्थानीय नेता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के घाघडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार पर घाघडीह जेल के समीप हमला किया गया।
कार से कुचलने का किया गया प्रयास
बताया जा रहा है कि आनंद कुमार अपनी बेटी को स्कूल से लेने जा रहे थे। इसी दौरान अमित कुमार नामक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ सफेद रंग की अल्काजार कार से वहां पहुंचा और कथित तौर पर आनंद कुमार को कुचलने का प्रयास किया।इस दौरान कार की टक्कर लगने से आनंद कुमार अपनी बेटी के साथ सड़क पर गिर गए।
लोहे की रॉड और बेस बैट से हमला
आरोप है कि इसके बाद अमित कुमार और उसके साथियों ने लोहे की रॉड और बेस बैट से आनंद कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में आनंद कुमार को सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और स्थिति को शांत कराया।
परसुडीह थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद आनंद कुमार ने अन्य भाजपा नेताओं के साथ परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सरकारी जमीन कब्जे की शिकायत का आरोप
पीड़ित आनंद कुमार का कहना है कि आरोपी अमित कुमार कथित तौर पर सरकारी जमीनों पर कब्जा कर उन्हें बेचने का काम करता है।उन्होंने बताया कि इसी तरह के एक मामले में उन्होंने जमशेदपुर के सीओ से शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
