जमशेदपुर : लौहनगरी के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हितकु में बुधवार को बकरी चोर गिरोह के एक सदस्य को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी एक कार में 8 बकरियां लादकर भागने की फिराक में था, जिसे ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कार के नंबर से खुला चोरी का राज
मामले की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी जब हितकु निवासी लाल बाबू सिंह की दो बकरियां चोरी हो गई थीं। उस समय उन्होंने एक संदिग्ध कार को इलाके में देखा था और समझदारी दिखाते हुए उसका नंबर नोट कर लिया था। बुधवार को वही कार एक बार फिर इलाके में नजर आई। लाल बाबू सिंह ने तुरंत पहचान कर ली और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन का पीछा करना शुरू किया।ग्रामीणों ने एकजुट होकर कार को घेर लिया। कार में कुल तीन लोग सवार थे। पकड़े जाने के डर से दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जबकि एक युवक को भीड़ ने दबोच लिया।
कार के अंदर का नजारा देख दंग रह गए लोग
जब स्थानीय लोगों ने पकड़ी गई कार की तलाशी ली, तो वे हैरान रह गए। कार के भीतर 8 जीवित बकरियां ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं।चोरी की बकरियां बरामद होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पकड़े गए आरोपी की धुनाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित भीड़ के चंगुल से आरोपी को बचाकर अपनी हिरासत में लिया।
पुलिस की जांच और छापेमारी
परसुडीह पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है और बरामद बकरियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।पुलिस फरार हुए दो अन्य आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह शहर के अन्य हिस्सों या पड़ोसी जिलों में भी सक्रिय है।
