आदित्यपुर: आदित्यपुर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने गुरुवार को आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित उप महापौर अंकुर सिंह से उनके निजी कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर अंकुर सिंह को उनकी शानदार जीत के लिए बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ज्वलंत समस्याओं पर ध्यानाकर्षण
मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही; मनोज पासवान ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उप महापौर के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र के विकास की धीमी गति और आम जनता को होने वाली रोजमर्रा की परेशानियों से अवगत कराया जिसमे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता।जनसमस्याओं के निपटारे के लिए नगर निगम स्तर पर एक प्रभावी तंत्र की मांग। विकास योजनाओं में आम नागरिकों के सुझावों को शामिल करने का आग्रह।
उप महापौर का आश्वासन: “प्राथमिकता पर होगा काम”
लोजपा नेता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उप महापौर अंकुर सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
“नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है। हम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।” — अंकुर सिंह, उप महापौर, आदित्यपुर
इस मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में क्षेत्र के विकास के लिए एक सकारात्मक संवाद के रूप में देखा जा रहा है।
