जमशेदपुर: आगामी रामनवमी और ईद-उल-फितर के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को टेल्को थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुश्री गुंजन कुमारी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों, छठ घाट समितियों और मस्जिद समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
त्योहारों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान रामनवमी के भव्य जुलूस और मस्जिदों में अदा की जाने वाली ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर रणनीति तैयार की गई।दंडाधिकारी और थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने पूरे क्षेत्र में सुचारू बिजली आपूर्ति और विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।जुलूस मार्ग में पेड़ों की छंटाई और बाधाओं को दूर करने को कहा गया ताकि विसर्जन यात्रा में कोई दिक्कत न आए।वरिष्ठ शांति समिति सदस्य नंदलाल सिंह ने सभी अखाड़ा समितियों को समय पर लाइसेंस रिन्यूअल कराने और अपने वॉलंटियर की सूची थाना में जमा करने का निर्देश दिया।
अखाड़ा और मस्जिद समितियों की मांगें
बैठक में बारीनगर टेल्को मस्जिद के अध्यक्ष शाहिद परवेज और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रियाजउद्दीन खान ने ईद की तैयारियों का विवरण साझा किया। वहीं, अखाड़ा समितियों के अध्यक्षों ने कुछ प्रमुख समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं जिसमे जुलूस के दौरान पेयजल के लिए पानी के टैंकरों की उपलब्धता,जेमको इलाके में सड़क पर खड़ी बड़ी गाड़ियों (पार्किंग) के कारण होने वाली अव्यवस्था को दूर करने की मांग,संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करना।
सुरक्षा और सौहार्द के प्रति प्रतिबद्धता
दंडाधिकारी गुंजन कुमारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में टाटा मोटर्स कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कल्याणी शरण, डीडी त्रिपाठी, ओम प्रकाश उपाध्याय, चंद्रभान सिंह, अजय सिंह, बलदेव रजक और अलम ताज जैसे गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे।
“सभी समुदायों के सहयोग से जमशेदपुर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप त्योहारों को मनाया जाएगा। किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” — सुश्री गुंजन कुमारी, दंडाधिकारी
