जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में आज रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने एक अनोखा और व्यंग्यात्मक विरोध प्रदर्शन किया। साकची के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए नाली में पाइप लगाकर गैस निकालने और उससे चाय-पकौड़ा बनाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया।
“नाली से गैस” वाले बयान पर कांग्रेस का तंज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाली के पास गैस चूल्हा रखा और पाइप के जरिए गैस जलाकर चाय बनाने की कोशिश की। इस दौरान जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए तीखा हमला बोला।परविंदर सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा था कि नाली की गैस से चूल्हा जलेगा। आज जब शहर में गैस की भारी किल्लत है और कीमतें आसमान छू रही हैं, तो हमने उनके इसी दावे को परखने का प्रयास किया, जो पूरी तरह झूठा साबित हुआ।” उन्होंने आरोप लगाया कि गैस रिफिलिंग के लिए लोग हफ्तों इंतजार कर रहे हैं, जिससे आम जनता का बजट और रसोई दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
नोटबंदी से लेकर विदेश नीति तक पर घेरा
संबोधन के दौरान जिला अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की पिछली योजनाओं और निर्णयों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा नोटबंदी से काला धन वापस लाने का दावा हो या कोरोना काल में ताली-थाली बजाकर बीमारी भगाने की बात, सरकार के हर वादे खोखले साबित हुए हैं।कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार की विदेश नीति हर मोर्चे पर विफल दिख रही है, जिससे देश की छवि और हितों को नुकसान हो रहा है। जनता ने तीन बार इस सरकार को मौका दिया, लेकिन बदले में उन्हें केवल महंगाई और कुव्यवस्था मिली है।
“सजग होने की जरूरत” – जिला कांग्रेस की अपील
परविंदर सिंह ने जमशेदपुर की जनता से अपील की कि वे इस ‘कुव्यवस्था’ वाली सरकार के खिलाफ जागरूक हों। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब जनता को अपने हक के लिए आवाज उठानी चाहिए और ऐसी नीतियों का विरोध करना चाहिए जो आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही हैं।
प्रदर्शन में शामिल मुख्य सदस्य
इस दौरान जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
