चाईबासा: गोईलकेरा में सोए हुए पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या, घर में सो रहे बच्चों को भनक तक नहीं लगी

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दोड़बो गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सोते समय सिर पर किया कुल्हाड़ी से वार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पति-पत्नी अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने कमरे में प्रवेश किया और दोनों के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। घर के दूसरे कमरे में दंपति के दो बच्चे भी सो रहे थे। अपराधियों ने इतनी खामोशी से वारदात को अंजाम दिया कि पास के कमरे में सो रहे बच्चों को इसकी भनक तक नहीं लगी।जब सुबह बच्चे जगे और माता-पिता के कमरे में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हुए।

अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी ने भी तोड़ा दम

घटना की सूचना पुलिस को दोपहर के करीब मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि महिला की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने बिना देरी किए उसे तत्काल गोईलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। पति की मौत मौके पर ही हो गई थी।

आपसी विवाद की आशंका

गोईलकेरा थाना पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस इसे आपसी विवाद या रंजिश से जोड़कर देख रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।

More From Author

आज नहीं दिखा ईद-उल-फितर का चांद, अब 21 मार्च को मनाई जाएगी ईद

जमशेदपुर: सोनारी में चैत्र नवरात्र की धूम, एम पी युवक संघ के जवांरा पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन