आदित्यपुर: पुलिस मुखबिरी के शक में युवक को मारी गोली,टीएमएच में इलाजरत

आदित्यपुर ।सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। अपराधियों ने पुलिस को गुप्त सूचना देने (मुखबिरी) के संदेह में अब्दुल जाफर नामक युवक के सिर में गोली मार दी। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अब्दुल को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।घायल अब्दुल जाफर स्थानीय निवासी इमरान का छोटा भाई बताया जा रहा है।

पुलिस रेड से बौखलाए अपराधियों ने मारी गोली

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात मुस्लिम बस्ती में कुख्यात अपराधी आजहर और कलीम मौजूद थे। इसी दौरान किसी मामले में पुलिस टीम ने इलाके में अचानक छापेमारी (दबिश) की थी।पुलिस के आते ही आजहर और कलीम वहां से भाग निकले। उन्हें संदेह हुआ कि पुलिस को उनकी मौजूदगी की गुप्त सूचना अब्दुल जाफर ने ही दी थी। इसी रंजिश और शक में दोनों अपराधियों ने अब्दुल जाफर को घेर लिया और पॉइंट ब्लैंक रेंज से उसके सिर में गोली दाग दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

बस्ती में भारी तनाव; अपराधियों के सहयोगी को पुलिस ने दबोचा

गोलीबारी की तेज आवाज सुनते ही मुस्लिम बस्ती के लोग सन्न रह गए और मौके पर स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हमलावर आजहर और कलीम को घेरने की कोशिश की, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से भाग रहे अपराधियों के एक संदिग्ध सहयोगी को हिरासत में ले लिया है, जिससे गुप्त ठिकाने पर कड़ी पूछताछ की जा रही है।

आपराधिक गिरोहों से तार जुड़ने की चर्चा; सघन छापेमारी जारी

इलाके में चर्चा है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी आजहर और कलीम के संबंध स्थानीय आपराधिक गिरोहों से रहे हैं।हालांकि, आदित्यपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों के आपराधिक संपर्कों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी। पुलिस की कई विशेष टीमें फरार आजहर और कलीम की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

More From Author

गोलमुरी केनरा बैंक डकैती की जांच तेज, जोनल आईजी और डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण